
पौड़ी। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राओं के अध्ययनरत होने के चलते इंटरनेट कनेक्टीविटी में परेशानियां भी सामने आ रही है। इसके बावजूद इन महाविद्यालयों के प्राध्यापक सोशल मीडिया (ह्वाट्सअप) ग्रुप बनाकर लगातार शिक्षण कार्य में जुटे हैं।
राजकीय महाविद्यालय पाबौ के प्राचार्य डा. राजेश उभान ने डा. कुसुमलता नौटियाल को ऑनलाइन शिक्षण का संयोजक बनाया है। डा. नौटियाल ने बताया कि महाविद्यालय में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। स्नात्तक हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिशास्त्र में अध्ययनरत छात्रों को डा. कुसुमलता नौटियाल, डा. रजनीबाला, डा. आलोक पांडेय, व डा. ओंकार चर्तुवेदी ह्वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से पढ़ा रहे हैं। दूसरी ओर राठ महाविद्यालय पैठाणी में प्राचार्य डा. जितेंद्र नेगी के मार्गदर्शन में ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। महाविद्यालय में अध्ययनरत 800 छात्र-छात्राओं के विषयवार ह्वाट्सअप ग्रुप बनाए गए हैं जबकि जूम ऐप को लेकर कनेक्टीविटी में आ रही दिक्कतों को दूर किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राचार्य डा. नेगी ने बताया कि ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन को लेकर डा. प्रवेश मिश्रा, डा. देवकृष्ण थपलियाल, डा. राजीव दुबे व डा. बोपेश सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल में ऑनलाइन कक्षाएं प्राचार्य डा. डीएस नेगी के निर्देशन में संचालित हो रही हैं। महाविद्यालय में स्नात्तक स्तर पर हिंदी, भूगोल, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान व गणित विषय में विषयवार ह्वाट्सअप ग्रुप तैयार किए गए हैं। प्राचार्य डा. नेगी ने बताया कि ऑनलाइन शिक्षण को लेकर छात्रों में उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कक्षा में छात्रों के सवालों व समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है।
from Career News https://ift.tt/2VESehM

Post a Comment
Post a Comment