
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने बुधवार को कहा कि कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन के बाद वह परीक्षा कार्यक्रम संबंधी घोषणा करेगा। कोरोना महामारी से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए आज यूपीएससी की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक दूरी के मानदंडों समेत लॉकडाउन के वर्तमान प्रतिबंधों के मद्देनजर, यह निर्णय लिया गया कि सभी साक्षात्कारों, परीक्षाओं और भर्ती बोर्डों, जिसके लिए उम्मीदवारों एवं सलाहकारों को देश के सभी हिस्सों से यात्रा करने की आवश्यकता होती है, की तिथियों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
सिविल सेवा– 2019 के बाकी बचे हुए व्यक्तित्व परीक्षण (पर्सनालिटी टेस्ट) की तिथि के बारे में नये सिरे से फैसला 3 मई को लॉकडाउन के दूसरे चरण की समाप्ति के बाद लिया जायेगा। सिविल सेवा 2020 (प्रारंभिक), इंजीनियरिंग सेवा (मुख्य) और भू-वैज्ञानिक सेवा (मुख्य) परीक्षाओं की तिथियां पहले ही घोषित की जा चुकी थीं। नई परिस्थितियों में जरूरी होने पर इन परीक्षाओं की तिथियों में किसी भी किस्म के पुनर्निर्धारण की सूचना संघ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर दी जायेगी। संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा, भारतीय आर्थिक सेवा और भारतीय सांख्यिकीय सेवा परीक्षा 2020 के टाले जाने की सूचना पहले ही दी जा चुकी है। सीएपीएफ परीक्षा 2020 की तिथियां भी संघ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर अधिसूचित की जाएंगी।
नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए-I) की परीक्षा को पहले ही अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। एनडीए –II परीक्षा के बारे में लिये जाने वाले निर्णय की जानकारी 10 जून इसकी अधिसूचना के लिए निर्धारित तिथि, को पोस्ट कर दी जायेगी। सभी परीक्षाओं, साक्षात्कार और भर्ती बोर्डों से जुड़े आयोग के अन्य निर्णयों की जानकारी तुरंत आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करायी जायेगी।
from Career News https://ift.tt/2VzTYJ5

Post a Comment
Post a Comment